नवविवाहित जोड़ा किराए पर मकान देखने के लिए शर्मा जी के घर पहुँचा।
दोनों पति-पत्नी को देखकर शर्मा दंपत्ति खुश हो गए, सोचा—चलो, कुछ रौनक होगी, कितना सुंदर जोड़ा है, इन्हें मकान जरूर देंगे।
"आंटी, अंकल! हमें दो कमरे और एक किचन वाला मकान चाहिए, क्या हम देख सकते हैं?"
घुटनों के दर्द से जूझ रहीं सीमा जी उठते हुए बोलीं, "हाँ बेटा, क्यों नहीं, देख लो!"
बाजू में एक छोटा पोर्शन किराए के लिए बनवाया था, जिससे आर्थिक सहायता भी हो जाएगी और सूने घर में रौनक भी आ जाएगी।
मकान नीतू और रवि को बहुत पसंद आया। "अंकल, हम कल ही शिफ्ट हो जाएंगे!"
राघव जी मुस्कुराए, "बिल्कुल बेटा, स्वागत है!"
दूसरे दिन से घर में नई रौनक आ गई।
सारा दिन सामान जमाने के बाद जैसे ही नीतू और रवि थोड़ा आराम करने बैठे, दरवाजे की घंटी बज उठी।
दरवाजा खोला तो सामने राघव जी खड़े थे। "बेटा, आंटी ने तुम्हें खाने के लिए बुलाया है।"
रवि झिझकते हुए बोला, "अरे, क्यों तकलीफ की आंटी ने? हम तो बाहर से ऑर्डर करने ही वाले थे!"
पोपले मुँह से हँसते हुए राघव जी बोले, "आज तो थके हुए हो, खा लो, कल से अपने हिसाब से इंतज़ाम कर लेना!"
धीरे-धीरे नीतू और रवि का शर्मा दंपत्ति से एक अनजाना सा लगाव हो गया। जब उन्हें पता चला कि उनके दोनों बेटे विदेश में स्थायी रूप से बस चुके हैं, तो दोनों का मन भर आया।
रात में नीतू ने कहा, "रवि, सारी रात अंकल की खाँसी और कराहने की आवाज़ आ रही थी, देख आओ, कहीं तबियत ज्यादा खराब न हो!"
रवि बोला, "हाँ, मैं देखता हूँ, तुम नाश्ता बना लो, साथ ही अंकल-आंटी के साथ खा लेंगे!"
रवि ऊपर पहुँचा तो सीमा जी बोलीं, "क्यों तकलीफ की बेटा? बुढ़ापे में तो ये सब लगा ही रहता है... कहीं हमारी वजह से तुम्हारी नींद तो नहीं खराब हुई?"
रवि मुस्कुराकर बोला, "अरे नहीं आंटी! मैं अभी अंकल को डॉक्टर के पास ले चलता हूँ, दवा से तबियत संभल जाएगी!"
सीमा जी ने बेबसी से उसकी ओर देखा और हल्की आवाज़ में बोलीं, "बेटा, दवा से ज्यादा अपनेपन से भरे मीठे बोल की जरूरत होती है, बस यही कमी थी, जो तुम दोनों ने पूरी कर दी!"
यह कहते हुए उन्होंने अपने आँसू पोंछे, और राघव जी की आँखें भी छलक पड़ीं...!
Post a Comment