🌐🌐 वे भी इंसान हैं 🌐🌐
हमारे पड़ोस वाले फ्लैट में तीसरे लिंग के लोग, यानी हिजड़े रहते थे। उनकी बालकनी और हमारी बालकनी आमने-सामने थी। मेरे सात साल के बेटे की उनसे अच्छी दोस्ती हो गई थी। एक दिन मैंने देखा कि वे लोग कागज़ की एक थैली में कुछ पुली पीठा भरकर मेरे बेटे को दे रहे थे।
मुझे देखते ही उनमें से कुछ लोग जल्दी से कमरे के अंदर चले गए। बाकी दो लोग वहीं खड़े रहे। उनमें से जो शायद उनकी मुखिया थी, उसने अपराधी की तरह कहा, “उसे कुछ मत कहना बहन। उसकी कोई गलती नहीं है। हमने ही उसे बुलाया था, उससे बातें करने के लिए।”
मैंने बेटे के हाथ से पिठा की थैली झटके से छीनकर बालकनी से सड़क पर फेंक दी। मेरा बेटा नम आँखों से मेरी तरफ देखता रह गया। सामने बालकनी में खड़े वे दोनों भी हैरानी से मुझे देख रहे थे।
उस घटना को दो हफ्ते गुजर गए।
मैंने सोच लिया था कि अब मेरा बेटा और वे लोग कभी बात नहीं करेंगे। लेकिन मेरी सोच गलत साबित हुई। एक दिन फिर मैंने देखा कि मेरा बेटा बालकनी में खड़ा होकर उनसे बातें कर रहा है। उस दिन मेरा गुस्सा सातवें आसमान पर था।
मैं सात महीने की गर्भवती थी। इतनी उत्तेजना मेरे लिए ठीक नहीं थी। मैंने तय किया कि बेटे को कमरे में लाकर खूब डाँटूँगी। जैसे ही मैं बालकनी की ओर बढ़ी, मेरे कानों में आवाज़ आई—
“आंटी, बताइए ना… मेरी अम्मी आपको क्यों पसंद नहीं करतीं? मुझे भी डाँटती हैं कि तुम लोगों से बात मत किया करो। अम्मी कहती हैं कि बुरे लोगों के साथ नहीं मिलना चाहिए। तो क्या आप लोग भी…”
उसकी बात पूरी होने से पहले ही मैं वहाँ पहुँच गई और मैंने बेटे के गाल पर ज़ोरदार थप्पड़ मार दिया।
मेरा बेटा गाल पकड़कर रोता हुआ वहाँ से चला गया। मैं गुस्से में उन्हें घूरते हुए बोली, “अगर एक बार भी तुम लोगों को मेरे बेटे से बात करते देखा, तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा।”
उनमें से एक ने कड़क आवाज़ में कहा, “तू होती कौन है रे ऐसा बोलने वाली? वो छोटा-सा बच्चा क्या तुम्हारी तरह भेदभाव समझता है? इतना घमंड किस बात का है तुम लोगों को?”
उस घटना को लगभग एक महीना गुजर गया।
कल मग़रिब के वक्त मुझे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घर में मैं, मेरे पति, बेटा और कामवाली रोकेया खाला ही रहते थे। मेरे पति ऑफिस में थे और खाला बाज़ार गई हुई थी।
दर्द से तड़पते हुए मेरा बेटा मेरे पास आया। मुझे उस हालत में देखकर वह भागता हुआ कहीं चला गया।
कुछ मिनट बाद मैंने धुंधली आँखों से देखा कि पड़ोस वाले वही हिजड़े मेरे कमरे में एक-एक करके दाखिल हो रहे हैं। वे मुझे संभालकर कहीं ले जा रहे थे।
सुबह मेरे पति ने बताया कि सारी रात वे लोग मेरे केबिन के बाहर बैठे रहे।
अपने किए व्यवहार पर मुझे कितना पछतावा हो रहा था, इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकती। वे भी हमारे ही जैसे खून-मांस से बने इंसान हैं — इस सच्चाई को हम क्यों भूल जाते हैं? शायद जानबूझकर याद नहीं रखना चाहते।
मैंने अपने पति से कहा, “उन्हें अंदर बुलाइए।”
एक-एक करके करीब दस-बारह लोग मेरे चारों ओर आकर खड़े हो गए।
मैंने कहा, “तुम लोगों के साथ जो व्यवहार मैंने किया, उसके लिए मुझे शर्मिंदगी है। हो सके तो मुझे माफ़ कर देना।”
उनकी मुखिया, जिसका नाम ज़हूरा था, बोली, “तू और तेरी बेटी सलामत हो, बस हम इसी में खुश हैं बहन।”
मेरे पति ने उनसे कहा, “आप सब हमारे साथ गाँव चलिए। वहाँ बेटी की अकीका होगी। उसका नाम भी आप ही लोग रखिए।”
शायद वे इस सम्मान के लिए बिल्कुल तैयार नहीं थे। मैंने देखा कि सबकी आँखें नम हो गई थीं। वे एक-दूसरे की तरफ देखने लगे।
ज़हूरा ने भर्राई आवाज़ में कहा, “भाईजान… क्या हम इतने सम्मान के लायक हैं?”
मेरे पति मुस्कुराकर बोले, “हाँ, तुम लोग भी इंसान हो… बिल्कुल हमारी तरह। और सम्मान पाने के लायक हर कोई नहीं होता, सम्मान वही पाता है जो दूसरों को सम्मान देना जानता है।”
*******************************************************
Post a Comment